

रायपुर: भाषा अस्मिता अकादमी, जय जोहार साहित्य-संस्कृति संस्थान एवं छत्तीसगढ़ मित्र के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय काव्य उत्सव, पुस्तक विमोचन एवं सम्मान समारोह का आयोजन 17 मई 2026, रविवार को विमतारा भवन, शांतिनगर रायपुर में किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा।
इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अनिता कपूर अमेरिका से रायपुर पहुंचेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता शशांक शर्मा, अध्यक्ष साहित्य अकादमी छत्तीसगढ़ करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. सुशील त्रिवेदी, गिरीश पंकज, अरूण निगम, जय प्रकाश मानस, डॉ. अभिलाषा बेहाल एवं किशन लाल शामिल रहेंगे।आयोजन में देशभर से कवि एवं कवयित्रियां शामिल होने रायपुर पहुंच रहे हैं। छत्तीसगढ़ के 50 से अधिक कवि-कवयित्रियों ने कविता पाठ के लिए अपना पंजीयन कराया है। आयोजकों के अनुसार यह छत्तीसगढ़ में अपनी तरह का पहला साहित्यिक आयोजन होगा।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. सुधीर शर्मा, अध्यक्ष भाषा अस्मिता अकादमी हैं, जबकि सह-संयोजक डॉ. सीमा निगम, अध्यक्ष जय जोहार साहित्य-संस्कृति संस्थान एवं डॉ. सीमा अवस्थी मिनी उपाध्यक्ष के रूप में आयोजन की जिम्मेदारी निभा रही हैं।
समारोह में बस्तर केंद्रित पुस्तकों ‘नक्सलमुक्त बस्तर’ (कविता संग्रह) और ‘बदलता बस्तर’ (आलेख संग्रह) का विमोचन किया जाएगा। इसके अलावा चार एकल पुस्तकों का भी लोकार्पण कार्यक्रम रखा गया है।





















