बलरामपुर।वन विभाग द्वारा सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बलरामपुर वनमण्डल के वन परिक्षेत्र धमनी अंतर्गत रामचन्द्रपुर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत ओरंगा से लगे पहुंचविहीन सुदूर वनांचल क्षेत्र ग्राम सेमरखोंचा में पीवीटीजी समूह के पहाड़ी कोरवा परिवारों के लिए बोरिंग कर हैंडपंप स्थापित कराया गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम सेमरखोंचा में 9 पहाड़ी कोरवा परिवार निवासरत हैं, जिनकी कुल जनसंख्या लगभग 46 है। लंबे समय से यहां शुद्ध पेयजल की समस्या बनी हुई थी। बरसात के मौसम में दूषित पानी के उपयोग के कारण ग्रामीणों को विभिन्न संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहता था।

वन मण्डलाधिकारी आलोक बाजपेयी की पहल पर वन परिक्षेत्र धमनी की वन प्रबंधन समिति पीपरपान द्वारा निर्णय लेकर मलकन कोरवा के घर के समीप बोरवेल खनन कर हैंडपंप स्थापित कराया गया। इससे अब पीवीटीजी समुदाय के 46 लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पीवीटीजी समूह सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक रूप से अत्यंत पिछड़ा हुआ समुदाय है, जिनकी पारंपरिक जीवन शैली आज भी आधुनिक सुविधाओं से काफी दूर है। ऐसे में पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराना उनके जीवन स्तर में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इस कार्य को त्वरित गति से पूर्ण कराने में एसडीओ प्रेमचन्द मिश्रा, रेंजर केशव राज खटकर, वनपाल रामकुमार यादव तथा वनरक्षक मनदेव प्रसाद गुप्ता एवं पवन प्रताप सिंह का विशेष योगदान रहा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!