

अंबिकापुर: अंबिकापुर शहर के प्रसिद्ध टुन टून दाबेली सेंटर संचालक अमन ओझा की झारखंड के रंका थाना क्षेत्र में दर्दनाक हत्या कर दी गई। घटना के बाद अंबिकापुर सहित आसपास के क्षेत्रों में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक अमन ओझा पिछले कुछ दिनों से अपनी पत्नी को लेकर विवादों में था। उसने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर एक युवक पर अपनी पत्नी को भगाने और अपहरण करने का आरोप लगाया था। इस मामले को लेकर वह लगातार मानसिक तनाव में भी बताया जा रहा था।
इधर झारखंड के रंका थाना क्षेत्र में अज्ञात लोगों द्वारा हत्या कर शव फेंकने की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की। शव की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने मृतक की तस्वीर जारी की, जिसके बाद उसकी पहचान अंबिकापुर निवासी अमन ओझा के रूप में हुई।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अमन ओझा रंका कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी हत्या की गई। वहीं स्थानीय लोग इस घटना को पत्नी के कथित अपहरण विवाद से जोड़कर भी देख रहे हैं।घटना के बाद अंबिकापुर में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।





















