सूरजपुर: सूरजपुर जिले में महिला के अपहरण कर 22 लाख रुपये की फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

जानकारी के मुताबिक 29 अप्रैल 2026 को प्रार्थी अपनी गाड़ी बनवाने अंबिकापुर गया हुआ था। घर में उसकी पत्नी अकेली थी। दोपहर में पत्नी ने फोन कर पूछा कि वह कब तक घर पहुंचेगा। शाम करीब 3:30 बजे जब वह वापस लौटा तो पत्नी घर से गायब थी। तलाश के दौरान महिला के मोबाइल से फोन आया, जिसमें अज्ञात व्यक्ति ने 22 लाख रुपये की फिरौती मांगी और पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी दी।मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सूरजपुर में अपराध दर्ज कर डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन में पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं। पुलिस ने लगातार पेट्रोलिंग, सायरन गश्त और तकनीकी जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस को संदेह प्रार्थी के पूर्व ड्राइवर रौशन देवांगन पर गया। पुलिस ने उसे मानपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पहले प्रार्थी के यहां करीब 18 महीने तक ड्राइवरी कर चुका था और उसे जानकारी थी कि प्रार्थी एसईसीएल से रिटायर हुआ है तथा उसके पास अच्छी रकम है। इसी लालच में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अपहरण की योजना बनाई।आरोपियों ने महिला को घर के अंदर बंधक बनाकर आंख और मुंह में टेप लगाया, हाथ-पैर बांधे और मोटरसाइकिल से डुमरिया ले गए। वहां से महिला के मोबाइल से पति को फोन कर 22 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई।पुलिस की लगातार सक्रियता और सघन पेट्रोलिंग से घबराकर आरोपी महिला को घायल अवस्था में बाईपास रोड पर छोड़कर फरार हो गए। बाद में महिला एक ग्रामीण के घर पहुंची और वहां से अपने परिजनों व पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल महिला को जिला अस्पताल सूरजपुर में भर्ती कराया।इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी शेख इशू को भी केतका क्षेत्र में घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर महिला का मोबाइल, रस्सी, टेप, जला हुआ कंबल, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, स्कूटी और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।गिरफ्तार आरोपियों में रौशन देवांगन और शेख इशू शामिल हैं। पुलिस फरार तीसरे आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। मामले की कार्रवाई में थाना सूरजपुर पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!