

दिल्ली, जालंधर (पंजाब), अंबिकापुर, डभरा और चंद्रपुर तक पहुंची रायगढ़ पुलिस, कई राज्यों और जिलों से गुम बालक-बालिकाओं की सुरक्षित वापसी
रायगढ़: राज्य स्तर पर गुम इंसानों की खोज के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन तलाश” के तहत रायगढ़ पुलिस ने अप्रैल माह में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए कुल 251 गुम इंसानों को दस्तयाब किया है। इनमें 36 नाबालिग तथा 215 बालिग युवक-युवतियां शामिल हैं। अभियान के दौरान नाबालिगों की गुमशुदगी से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिले के सभी थाना प्रभारियों ने लगातार कार्रवाई कर कई परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लौटाई है। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शएम शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं डीएसपी उन्नति ठाकुर की विशेष मॉनिटरिंग में संचालित किया गया साथ ही अनुविभागीय पुलिस अधिकारी खरसिया प्रभात पटेल तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने अपने पर्यवेक्षणीय थानों की मॉनिटरिंग की जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आए हैं।
नाबालिगों से जुड़े मामलों में रायगढ़ पुलिस ने विशेष संवेदनशीलता दिखाते हुए जिले के भीतर ही नहीं बल्कि दूसरे जिलों और दूसरे राज्यों तक पहुंचकर बच्चों को सकुशल वापस लाया। जिन मामलों में नाबालिगों को बहला-फुसलाकर भगाने या शारीरिक शोषण की पुष्टि हुई, वहां आरोपियों के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की गई। बीते दिनों जूटमिल, पूंजीपथरा और कोतवाली पुलिस ने कई अहम मामलों में त्वरित कार्रवाई कर नाबालिगों को सुरक्षित दस्तयाब किया। गुम नाबालिगों से जुड़े मामलों में साक्ष्य के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की गई है।
इस अभियान में सबसे अधिक 42 गुम इंसान की खोज लैलूंगा थाने द्वारा की गई है, जिसमें से एक गुम इंसान को दिल्ली से लाया गया है । उसके बाद थाना चक्रधरनगर 29, जूटमिल 27, पूंजीपथरा 24, कोतवाली और पुसौर 23-23, कोतरारोड और भूपदेवपुर 12-12, घरघोड़ा 11, कापू 10, तमनार 9, धरमजयगढ़ 8, खरसिया 7, चौकी खरसिया 4, चौकी जोबी 3, चौकी रैरूमाखुर्द 1 गुम इंसानों को खोज निकला । थाने में दर्ज गुम इंसानों और दस्तयाब प्रतिशत के अनुसार थाना भूपदेवपुर का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा ।
जूटमिल पुलिस ने गुम बालिका को चंद्रपुर से किया बरामद आरोपी गिरफ्तार
थाना जूटमिल में दर्ज गुमशुदगी मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद किया। जांच में सामने आया कि आरोपी विकास यादव बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और उसका शारीरिक शोषण किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा।
जूटमिल पुलिस पंजाब के जालंधर पहुंची, नाबालिग बालिका को सकुशल वापस लाया
एक अन्य मामले में थाना जूटमिल पुलिस ने लगातार पतासाजी कर पंजाब के जालंधर से नाबालिग बालिका को दस्तयाब किया। जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी सनत कुमार भट्ट के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेजा गया।
पूंजीपथरा पुलिस ने अंबिकापुर से नाबालिग को किया बरामद, आरोपी पर वैधानिक कार्रवाई
थाना पूंजीपथरा में दर्ज मामले में पुलिस टीम ने लगातार खोजबीन कर अंबिकापुर से 15 वर्षीय बालिका को बरामद किया। पीड़िता के कथन और साक्ष्य के आधार पर आरोपी के विरुद्ध गंभीर धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
मोमकोतवाली पुलिस ने 24 घंटे में गुम बालिका को खोज निकाला, आरोपी गिरफ्तार
थाना कोतवाली में दर्ज गुमशुदगी मामले में पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर डभरा से 13 वर्षीय बालिका को सकुशल दस्तयाब किया। जांच में आरोपी रमेश यादव द्वारा शादी का झांसा देकर बालिका को ले जाना सामने आया, जिस पर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
एसएसपी में शशि मोहन सिंह कहा की गुम नाबालिगों और महिलाओं से जुड़े मामलों में रायगढ़ पुलिस पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। बच्चों को बहला-फुसलाकर भगाने या उनका शोषण करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अभिभावक भी बच्चों की गतिविधियों और उनके सोशल संपर्कों पर सतत निगरानी रखें।

































