मध्य प्रदेश : ग्वालियर से एक बेहद चौंकाने वाली और भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है। ड्यूटी पर तैनात एक कॉन्स्टेबल ने सुबह करीब 4 बजे अपनी पत्नी से वीडियो कॉल पर बात की, हालचाल लिया और कुछ ही देर बाद खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे साथियों ने उसे खून से लथपथ हालत में पाया। पास में उसकी सर्विस राइफल पड़ी थी। तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।

ड्यूटी के बीच किया आखिरी कॉल, कहा जल्दी घर आऊंगा

यह पूरा मामला एसएएफ की सेकेंड बटालियन गेट का है। कॉन्स्टेबल कुलदीप अनुरागी की नाइट ड्यूटी रात 2 बजे से सुबह 6 बजे तक थी। ड्यूटी के दौरान उन्होंने सुबह करीब 4 बजे पत्नी को वीडियो कॉल किया। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि तुम्हारी बहुत याद आ रही थी, इसलिए कॉल किया। उन्होंने यह भी कहा कि ड्यूटी खत्म होते ही घर आ जाएंगे। लेकिन कुछ ही देर बाद सब कुछ बदल गया।

अभी आते हैं कहा था, फिर कभी नहीं लौटे, पत्नी का दर्द

पत्नी प्रियंका इस घटना के बाद गहरे सदमे में है। उनका कहना है कि सुबह 4 बजे कॉल आया था, सामान्य बातचीत हुई। उन्होंने बताया कि ड्यूटी खत्म होने वाली है और थोड़ी देर में घर पहुंच जाएंगे। कॉल खत्म करने से पहले भी उन्होंने यही कहा कि अभी आता हूं। लेकिन वह वादा अधूरा रह गया। परिवार के मुताबिक, कुलदीप ने कभी किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया था और न ही किसी से उनका विवाद था।

कौन सा दर्द अंदर ही अंदर खाता रहा, जांच में जुटी पुलिस

कुलदीप अनुरागी मूल रूप से छतरपुर जिले के नौगांव के रहने वाले थे और वर्ष 2005 में एसएएफ में भर्ती हुए थे। उन्होंने कई जिलों में सेवा दी थी। परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि आखिर ऐसी कौन सी वजह थी, जिसने उन्हें इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर किया।

एक सवाल जो सबके मन में है, आखिर क्यों

यह घटना कई सवाल खड़े कर रही है। बाहर से सामान्य दिखने वाले जीवन के पीछे छिपे तनाव और मानसिक दबाव को समझना कितना जरूरी है, यह मामला एक बार फिर सोचने पर मजबूर करता है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!