

नई दिल्ली: देश में चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। जानकारी के अनुसार, राजा की हत्या की मुख्य आरोपी और उसकी पत्नी सोनम रघुवंशी को शिलांग की कोर्ट से जमानत मिल गई है। हालांकि, कोर्ट ने जमानत देते हुए शर्त रखी है कि सोनम रघुवंशी जमानत में शिलांग छोड़कर नहीं जा सकती। सोनम को हर रोज थाने में जाकर हाजिरी लगानी होगी। बता दें कि बीते साल मई महीने में मेघालय के शिलांग में हनीमून मनाने के लिए गए राजा रघुवंशी की हत्या कर दी गई थी।
शिलांग की जेल में बंद थी सोनम
राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी उसकी पत्नी सोनम रघुवंशी शिलांग की जेल में बंद थी। शिलांग पुलिस ने सोनम सहित आठ लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया था। मामले में तीन लोगों को पूर्व में मिल जमानत चुकी है। बीते साल 9 जून को सोनम रघुवंशी को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से हिरासत में लिया था। आपको बता दें कि पिछले साल मई महीने में राजा रघुवंशी और सोनम की शादी हुई थी। दोनों ही मेघालय के शिलांग में हनीमून मनाने के लिए इंदौर से रवाना हुए थे। कुछ दिनों तक लापता रहने के बाद राजा का शव 2 जून को शिलांग की घाटी में मिला था।

































