

अंबिकापुर: सरगुजा जिले के गांधीनगर क्षेत्र में एक युवक ने ईमानदारी की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी हर ओर सराहना हो रही है। जानकारी के अनुसार, इंद्रपुर कुदरगढ़ थाना ओड़गी क्षेत्र के मुक्तीपारा निवासी 22 वर्षीय मनोज कुमार सिंह ने रास्ते में मिले 13 हजार रुपये को सुरक्षित थाना में जमा कर दिया।
बताया जा रहा है कि मंगलवार 28 अप्रैल 2026 को मनोज कुमार सिंह गांधीनगर सब्जी मार्केट के पास बस से उतरकर अपने किराए के मकान की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसे सड़क पर बिखरे रुपये मिले। आसपास किसी व्यक्ति के नहीं होने पर उसने रुपये को उठाकर गिना, जिसमें कुल 13,000 रुपये थे।प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, ये रुपये एक स्कूटी सवार युवक के जेब से गिरने की आशंका है, जो पीले रंग की शर्ट पहनकर सब्जी मंडी से हनुमान मंदिर की ओर जा रहा था।युवक मनोज कुमार सिंह ने बिना देर किए पूरी रकम थाना गांधीनगर पहुंचकर जमा कर दी। फिलहाल पुलिस ने उक्त राशि को सुरक्षार्थ थाना में रखा है और वास्तविक मालिक से संपर्क कर राशि लौटाने की प्रक्रिया जारी है।
थाना प्रभारी गांधीनगर ने युवक की ईमानदारी की सराहना करते हुए उसे प्रोत्साहित किया और समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।पुलिस ने अपील की है कि जिस किसी का भी यह पैसा खोया है, वह थाना गांधीनगर पहुंचकर आवश्यक पहचान के बाद अपनी राशि प्राप्त कर सकता है।

































