

Raipur : एक बार फिर आपराधिक घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में देर रात 16 वर्षीय किशोर की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान कुश बाघ के रूप में हुई है, जबकि उसके साथ मौजूद एक अन्य नाबालिग भी हमले में घायल हो गया।
दो नाबालिगों पर जानलेवा हमला, एक की मौके पर मौत
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच पंचशील नगर के पास जोगी मोहल्ला इलाके में कुछ हमलावरों ने अचानक दो नाबालिगों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में कुश बाघ की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज अस्पताल में जारी है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और मामले की जांच शुरू की गई।
परिजनों का फूटा गुस्सा, थाने का घेराव
वारदात के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए परिजन सिविल लाइन थाने पहुंच गए और वहां घेराव कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।स्थिति को संभालने के लिए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश दी।
चार संदिग्धों की भूमिका सामने, पूछताछ जारी
पुलिस के मुताबिक, इस हत्या में चार लोगों की संलिप्तता सामने आई है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में अभी तक हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
शहर में बढ़ती घटनाओं से चिंता, कार्रवाई पर नजर
लगातार सामने आ रही चाकूबाजी की घटनाओं ने राजधानी में कानून व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब सबकी नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर है कि आरोपी कब तक गिरफ्त में आते हैं और इस वारदात के पीछे की असली वजह क्या निकलकर सामने आती है।
































