

रायपुर: राजधानी रायपुर में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिंदा पैंगोलिन की तस्करी में शामिल दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई उस समय हुई जब आरोपी दुर्लभ वन्यजीव पैंगोलिन का करोड़ों रुपये में सौदा करने की तैयारी में थे।
वन अधिकारी दीपक तिवारी के अनुसार, तस्करों द्वारा जिंदा पैंगोलिन को ब्लैक मार्केट में 50 करोड़ रुपये में बेचने की डील की जा रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पखांजूर निवासी एक तस्कर ने इस पैंगोलिन को रायपुर के एक व्यापारी को महज डेढ़ लाख रुपये में बेचा था। इसके बाद इसे आगे भारी कीमत में बेचने की साजिश रची जा रही थी।बताया जा रहा है कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे एक मुख्य तस्कर, जिसे ‘मोटा भाई’ के नाम से जाना जाता है, भी शामिल है। वन विभाग इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गया है।
जब्त किया गया पैंगोलिन करीब 20 किलो वजनी है और इसकी उम्र लगभग 10 से 12 साल बताई जा रही है। यह प्रजाति बेहद दुर्लभ मानी जाती है और इसे वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत ‘शेड्यूल-1’ (सर्वोच्च सुरक्षा श्रेणी) में रखा गया है।वन विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

































