सूरजपुर:  सरगुजा एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 25 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बुधवार को सेंधोपारा क्षेत्र में की गई, जहां आरोपी पटवारी अपने कार्यालय में ही रिश्वत की रकम लेते पकड़ा गया।

मिली जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के मरहटा गांव निवासी रूप सिंह ने ACB सरगुजा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सेंधोपारा, तहसील प्रतापपुर स्थित उनकी और उनकी बहन के नाम की जमीन का नामांतरण तथा संबंधित रिपोर्ट तैयार करने के एवज में पटवारी सौरभ गोस्वामी द्वारा 25 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी। यह जमीन SECL की महामाया खदान के लिए अधिग्रहित की गई है, जिसके चलते नामांतरण और रिपोर्ट की प्रक्रिया आवश्यक थी।

शिकायतकर्ता ने रकम अधिक होने की बात कहते हुए कम पैसे में काम करने का आग्रह भी किया, लेकिन पटवारी ने साफ इनकार कर दिया। इसके बाद परेशान होकर रूप सिंह ने ACB से संपर्क किया। ACB की प्राथमिक जांच में शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की रणनीति तैयार की।बुधवार को ACB की टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने तय रकम पटवारी को सौंपी, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अंबिकापुर ले जाया गया है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ACB ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!