अंबिकापुर:  सरगुजा जिले में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए छात्रों ने अनोखी पहल की। राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर ने जिला पंचायत और मुहिम फाउंडेशन के सहयोग से ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम के तहत 361 छात्रों को गांव-गांव भेजकर सर्वे कराया। इस दौरान साकालो, मेंद्राखुर्द, कांठी और कर्जी ग्राम पंचायतों के कुल 1167 परिवारों का विस्तृत अध्ययन किया गया।

छात्रों ने घर-घर जाकर प्रश्नावली के माध्यम से यह जांच की कि किन परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है और कौन अब भी वंचित हैं। सर्वे के बाद हर परिवार की स्थिति के आधार पर कार्ययोजना तैयार कर रिपोर्ट जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को सौंप दी गई।सर्वे में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। करीब 89 प्रतिशत स्वयं सहायता समूह से जुड़े परिवारों को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है, जबकि 80 प्रतिशत परिवारों के पास आयुष्मान भारत कार्ड है। विधवा पेंशन का कवरेज 82 प्रतिशत और वृद्धावस्था पेंशन 71 प्रतिशत तक पहुंचा है। वहीं 75 प्रतिशत घरों में शौचालय बने हैं, जिनमें से 97 प्रतिशत का उपयोग हो रहा है।हालांकि सर्वे ने कई कमियां भी उजागर कीं। 245 परिवारों के 483 सदस्य अभी भी आयुष्मान भारत योजना से वंचित हैं। 137 परिवारों के 195 सदस्यों का नाम राशन कार्ड में नहीं जुड़ा है। 84 पात्र बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिल रही, जबकि 31 विधवाएं भी लाभ से वंचित हैं। आधे दिव्यांग व्यक्तियों के पास प्रमाण पत्र नहीं है, जिससे वे पेंशन का लाभ नहीं ले पा रहे। इसके अलावा कई परिवारों के आधार और मतदाता पहचान पत्र में सुधार की जरूरत है तथा बड़ी संख्या में लोगों के पास जाति प्रमाण पत्र भी नहीं है।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल ने छात्रों की इस पहल को सराहते हुए कहा कि लक्ष्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार सिन्हा ने इसे शिक्षा का वास्तविक स्वरूप बताते हुए छात्रों के प्रयास पर गर्व जताया।

कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग, एनआरएलएम, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की भागीदारी रही। यह पहल न केवल योजनाओं की जमीनी सच्चाई सामने लाने में सफल रही, बल्कि युवाओं को समाज से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी बनी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!