

अंबिकापुर: सरगुजा जिले में चल रहे ‘ऑपरेशन तलाश’ और ‘अभियान मुस्कान’ के तहत सरगुजा पुलिस ने महज 15 दिनों के भीतर 60 गुमशुदा लोगों को खोज निकालकर उनके परिजनों को सौंप दिया है। इस अभियान के तहत पुलिस की सक्रियता और तकनीकी दक्षता का बेहतर परिणाम सामने आया है।
पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश पर 1 अप्रैल से शुरू हुए इस विशेष अभियान में डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को गुमशुदा लोगों की तलाश तेज करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में 1 अप्रैल से 15 अप्रैल के बीच पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए बड़ी सफलता हासिल की।बरामद किए गए 60 गुमशुदा लोगों में 44 महिलाएं, 9 पुरुष और 7 नाबालिग बालिकाएं शामिल हैं। सभी को सुरक्षित दस्तयाब कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया है। खास बात यह रही कि थाना दरिमा पुलिस ने सबसे अधिक 10 गुमशुदा लोगों को खोजने में सफलता पाई।थाना अंबिकापुर कोतवाली ने 7, गांधीनगर ने 9, लखनपुर ने 7, उदयपुर ने 5, लुंड्रा ने 4, मणिपुर और कमलेश्वरपुर ने 3-3, जबकि सीतापुर, बतौली और धौरपुर ने भी गुमशुदा लोगों को खोजने में योगदान दिया। वहीं मुस्कान अभियान के तहत 7 नाबालिग बालिकाओं को भी सकुशल बरामद किया गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अभियान के दौरान गुमशुदा लोगों के परिजनों से लगातार संपर्क बनाए रखा गया और तकनीकी साधनों की मदद से उनकी लोकेशन ट्रेस कर उन्हें सुरक्षित वापस लाया गया।सरगुजा पुलिस का यह अभियान पूरे अप्रैल माह तक जारी रहेगा, जिससे उम्मीद है कि आने वाले दिनों में और अधिक गुमशुदा लोगों को खोजकर उनके परिवारों से मिलाया जा सकेगा।

































