

बलरामपुर/राजपुर। शासकीय महाविद्यालय राजपुर में सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक विवाद सामने आ गया। सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा कार्यक्रम में उस समय नाराज़ हो गईं जब उनके अनुसार आमंत्रण के बावजूद एसडीएम कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हुए।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान विधायक ने इस बलरामपुर कलेक्टर राजेन्द्र कटारा को फोन कर 24 घंटे के भीतर एसडीएम देवेंद्र प्रधान को राजपुर से हटाने का अल्टीमेटम दे दिया। विधायक ने यह भी कहा कि यदि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं हुई तो वे कार्यकर्ताओं और कुछ पत्रकारों के साथ तहसील एवं एसडीएम कार्यालय के सामने धरना देंगी।कार्यक्रम के दौरान माहौल उस समय और गरमा गया जब कुछ कार्यकर्ताओं ने एसडीएम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आपत्तिजनक टिप्पणियां भी कीं।
वहीं, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर एक और सवाल खड़ा हो रहा है कि एसडीएम को निर्धारित समय सीमा पर नहीं हटाए जाने पर विधायक द्वारा कार्यकर्ताओं और वहां उपस्थित पत्रकारों के साथ तहसील कार्यालय के सामने दरी बिछाकर बैठने की बात कही गई जिससे वहां उपस्थित पत्रकारों की निष्पक्षता पर भी चर्चा शुरू हो गई है।
“इस संबंध में एसडीएम देवेंद्र प्रधान से उनका पक्ष जानने के लिए कई बार फोन के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।”

































