

सूरजपुर: देशभर में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में सूरजपुर जिले में महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े के नेतृत्व में महिलाओं द्वारा भव्य स्कूटी रैली का आयोजन किया गया।इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने हाथों में तख्तियां एवं नारों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया तथा इस ऐतिहासिक पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीति सहित अन्य क्षेत्रों में सशक्त भागीदारी प्रदान करने की दिशा में एक मील का पत्थर है। उन्होंने कहा कि इस कानून के माध्यम से लोकसभा एवं राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है, जिससे निर्णय लेने की प्रक्रिया में महिलाओं की भूमिका और अधिक मजबूत होगी।
उन्होंने आगे कहा कि यह अधिनियम केवल राजनीतिक प्रतिनिधित्व तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में महिलाओं की स्थिति को सशक्त बनाने का भी माध्यम बनेगा। इस तरह के आयोजनों से महिलाओं में जागरूकता बढ़ेगी और वे अपने अधिकारों के प्रति अधिक सजग होंगी।रैली में शामिल महिलाओं ने भी इस पहल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे भविष्य में शासन और नीति निर्माण में महिलाओं की भागीदारी और प्रभाव दोनों में वृद्धि होगी।
कार्यक्रम के दौरान ही नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने हस्ताक्षर कर इस ऐतिहासिक पहल के प्रति समर्थन जताया।रैली में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं। उपस्थित महिलाओं ने इस पहल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे भविष्य में शासन और नीति निर्माण में महिलाओं की भागीदारी और प्रभाव दोनों में वृद्धि होगी।

































