

कोरिया: सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा के नेतृत्व में संगठित अपराधों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत वाहन ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के नेटवर्क को उजागर करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और ठगी में इस्तेमाल किया गया वाहन भी बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी विकास जायसवाल उर्फ विक्की जायसवाल, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में वाहन मालिकों को अपने झांसे में लेकर ठगी करता था। आरोपी लोगों को यह लालच देता था कि उनके ट्रैक्टर, कार और अन्य वाहनों को रेलवे के ठेके में लगाकर हर महीने 25,000 से 50,000 तक की आय दिलाई जाएगी।इस प्रलोभन में आकर कई वाहन मालिकों ने अपने नए वाहन आरोपी को सौंप दिए, जिन्हें आरोपी ने बाद में अन्य स्थानों पर कम कीमत में बेच दिया। इसी क्रम में थाना पटना में प्रार्थी संदीप साहू की शिकायत पर अपराध क्रमांक 94/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने प्रार्थी की कार (आर्टिका) CG 16 CN 3128 को 40,000 मासिक किराए के नाम पर लेकर अगस्तपुर निवासी समय लाल को बेच दिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 अप्रैल 2026 को उक्त वाहन को समय लाल के कब्जे से बरामद कर लिया।इस मामले में आरोपी विकास जायसवाल पहले से ही अन्य प्रकरणों में न्यायिक अभिरक्षा में है, जबकि समय लाल राजवाड़े को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

































