

बलरामपुर: बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती के बड़े मामले में पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे नौवें आरोपी को पुलिस ने बिहार के गया जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस की कार्रवाई और भी तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम त्रिपुरी घोसराडांड़ में आरोपियों द्वारा बड़े पैमाने पर अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस की संयुक्त टीम ने 10 और 11 मार्च 2026 को गांव में छापेमारी की कार्रवाई की। इस दौरान खेतों में उगाई गई अफीम को जब्त करते हुए कुल 244 प्लास्टिक बोरियों में भरी करीब 4344.569 किलोग्राम अफीम बरामद की गई। जब्त की गई अफीम की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 75 लाख रुपये आंकी गई है।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद पुलिस ने तत्काल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था। इसके बाद फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसी क्रम में 16 मार्च 2026 को एक आरोपी पैरू सिंह भोक्ता को बिहार के गया जिले से गिरफ्तार किया गया था। वहीं अब एक अन्य फरार आरोपी रोहन सिंह को भी पुलिस टीम ने बिहार के गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 18 के तहत कार्रवाई की जा रही है। यह पूरा मामला अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है, जिसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

































