

अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा हमला बोला है। भाजपा द्वारा जारी घोषणा पत्र में महिलाओं को हर महीने 3000 रुपये देने के वादे पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंहदेव ने कहा कि अब इस तरह की घोषणाओं से चुनावी फायदा मिलना मुश्किल है।
सिंहदेव ने कहा कि वर्तमान समय में यह एक परंपरा बन गई है कि किसी भी पार्टी की सरकार हो, महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता योजनाएं लागू करनी ही पड़ती हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे मुफ्त में चावल देने की योजना अब किसी भी सरकार में बंद नहीं होती, ठीक उसी तरह महिलाओं को आर्थिक मदद देने की घोषणाएं भी आम हो गई हैं।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा का यह वादा नया नहीं है और इससे महिलाओं का वोट हासिल करना आसान नहीं होगा। सिंहदेव के अनुसार, जनता अब इन घोषणाओं को सामान्य मानने लगी है, इसलिए केवल पैसे देने के वादे से चुनावी लाभ नहीं मिलेगा।
इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है और आगामी चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी और भी तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

































