

भोपाल : में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। ताजा घटना में बदमाशों ने एक डॉक्टर को निशाना बनाते हुए उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
चिनार पार्क के पास हुई वारदात
घटना चिनार पार्क इलाके की बताई जा रही है, जहां तीन अज्ञात बदमाशों ने घात लगाकर हमला किया। आरोपियों ने डॉक्टर की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया और मौका पाते ही उनके पास मौजूद कीमती सामान लूटकर फरार हो गए।
साइक्लिंग से लौट रहे थे डॉक्टर
जानकारी के अनुसार टीबी ट्रेनिंग सेंटर के डायरेक्टर डॉ. मनोज वर्मा उस समय बोट क्लब से साइक्लिंग कर घर लौट रहे थे। तभी बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया और वारदात को अंजाम दिया।
चाकू दिखाकर दी धमकी, गिरने से फ्रैक्चर
लूट के दौरान आरोपियों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। हमले के कारण डॉक्टर संतुलन खो बैठे और साइकिल से गिर गए, जिससे उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
11 तोले का कड़ा समेत कई सामान लूटे
बदमाश डॉक्टर के पास से करीब 11 तोले का सोने का कड़ा, घड़ी और मोबाइल लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी
मामले में श्यामला हिल्स थाना पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

































