

बलरामपुर: बलरामपुर जिले के महाराजगंज पंचायत में लंबे समय से राशन दुकान की कमी के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। हितग्राहियों को राशन लेने के लिए करीब 7 किलोमीटर दूर तक पैदल जाना पड़ता था, जिससे उनका समय और श्रम दोनों बर्बाद होते थे। कई बार लोगों को देर रात तक लाइन में लगना पड़ता था, फिर भी समय पर राशन मिलना सुनिश्चित नहीं हो पाता था।

महराजगंज पंचायत के कंदाखाड़ और मकयाठी क्षेत्र में यह समस्या जयदा अधिक गंभीर थी। एक राशन दुकान संचालन तो हो रहा था लेकिन काफी दुर पडता था, यह इलाका अति पिछड़े पहाड़ी कोरवा और कोडाकू समाज का निवास क्षेत्र है, जहां परिवहन के साधनों की कमी के कारण लोगों को राशन लेने में और भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
इस गंभीर समस्या को देखते हुए जनपद पंचायत उपाध्यक्ष बबली संबल ने लगातार पहल की और प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया। उनके प्रयासों और स्थानीय विधायक रामविचार नेताम की सक्रिय पहल से आखिरकार पंचायत में नई राशन दुकान की स्वीकृति मिली और आज उसका विधिवत शुभारंभ कर दिया गया।
उद्घाटन के अवसर पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष बबली संबल ने फीता काटकर नई राशन दुकान का शुभारंभ किया। अब इस दुकान के खुलने से ग्रामीणों को दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें समय पर अपने हक का राशन आसानी से उपलब्ध हो सकेगा।इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। ग्रामीणों ने वीडियो कॉल के माध्यम से जिला कलेक्टर को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए अपनी खुशी जाहिर की। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों का फूल वर्षा कर और बैड बाजे गर्मजोशी से स्वागत भी किया गया।
पंचायत में कुल 482 राशन कार्डधारी हैं, जिनमें अधिकांश कोडाकू समाज से हैं। कंदाखाड़ और मकयाठी क्षेत्र में इनकी संख्या अधिक है। यहां कुल जनसंख्या लगभग 1200 और मतदाताओं की संख्या करीब 800 बताई जा रही है। कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि बबली संबल, जयप्रकाश संबल, उपसरपंच नंदू सिंह, बुधनाथ सदोम, विजय शंकर गुप्ता, जदवीर सिंह, रामू कोडाकू, देवमुनी और इलीजावेद टोप्पो सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
नई राशन दुकान के खुलने से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो गया है।

































