

दंतेवाड़ा: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में दुर्लभ वन्यजीव ‘शेकरू’ (विशाल गिलहरी) के शिकार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर 9 शेकरू का शिकार किया और उसका वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर रील के रूप में पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग हरकत में आया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना बारसूर थाना क्षेत्र की है। आरोपी की पहचान बंशी राम कवासी के रूप में हुई है, जो बारसूर इलाके का निवासी है। उसने शिकार के बाद हिड़मा के वायरल गाने पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया था, जो वन विभाग तक पहुंच गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएफओ रंगनाधा रामाकृष्णा वाय के निर्देश पर दंतेवाड़ा और गीदम रेंज की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी की इंस्टाग्राम आईडी के जरिए उसका मोबाइल नंबर और लोकेशन ट्रेस कर अबूझमाड़ क्षेत्र के एक गांव से उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह करीब 10-11 साथियों के साथ जंगल गया था। वहां पेड़ों और जमीन पर खाद्य सामग्री रखकर शेकरू को झुंड में बुलाया गया और फिर गुलेल से 9 शेकरू का शिकार किया गया। इसके बाद सभी को घर लाकर रील बनाई गई और बाद में उन्हें पकाकर खा लिया गया।वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस शिकार में कुल 11 अन्य लोग भी शामिल थे, जिनकी पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश जारी है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी इस दुर्लभ प्रजाति का शिकार किए जाने की जानकारी सामने आई है।फिलहाल वन विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

































