

बलरामपुर। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र में सूने मकान में चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 4 शातिर चोर और चोरी का माल खरीदने वाला 1 अन्य आरोपी शामिल है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम परसडीहा निवासी संदीप कुमार गहरवारिया ने 7 अप्रैल 2026 को चौकी वाड्रफनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 31 मार्च 2026 को उसके घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों द्वारा घर से पलंग, कांसे के बर्तन, पीतल के बर्तन, स्टील के बर्तन, गैस टंकी सहित अन्य सामान चोरी कर लिया गया था, जिसकी कुल कीमत लगभग 44,500 रुपये बताई गई।
प्रकरण में चौकी वाड्रफनगर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 56/2026 धारा 305, 331(4), 317(2), 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान संदेह के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी 1. सुर्यकांत पिता स्व. संजय गहरवरिया निवासी,2. अटल गहरवरिया पिता विनोद गहरवरिया निवासी परसडीहा ,3. वरदान गहरवरिया पिता इन्द्रदेव गहरवरिया निवासी परसडीहा,4. धीरेश खैरा पिता शिवरतन खैरा निवासी परसडीहा,5. सुजीत सोनी पिता संतु सोनी निवासी बरतीकला चौकी वाड्रफनगर बसंतपुर जिला- बलरामपुरको गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया सामान बरामद किया ।पुलिस ने बताया कि चोरी का कुछ सामान आरोपी सुजीत सोनी द्वारा खरीदा गया था। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

































