

अंबिकापुर: सरगुजा जिले में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। रघुनाथपुर चौकी पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए उड़ीसा से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहले चरण में रघुनाथपुर चौकी टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से 4 किलोग्राम अवैध गांजा, एक आई-20 कार और 6 मोबाइल फोन जब्त किए गए थे। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 4 लाख 86 हजार रुपये बताई गई है।यह कार्रवाई 26 फरवरी 2026 को मिली मुखबिर सूचना के आधार पर की गई थी। सूचना मिली थी कि आई-20 कार में सवार कुछ लोग गांजा लेकर ग्राम गंगापुर में बिक्री के लिए पहुंच रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा उड़ीसा के सुंदरगढ़ निवासी नंदकुमार साहू उर्फ नंदा से खरीदकर लाए थे।मामले की आगे जांच करते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य सप्लायर नंदकुमार साहू को उड़ीसा से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने गांजा सप्लाई करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
इस पूरे मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक आर.एन. पटेल सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

































