

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के पुलिस कर्मियों के लिए बनाये गये महत्वाकांक्षी योजना पुलिस सैलरी पैकेज के तहत एसबीआई के अधिकारियों व पुलिस अधीक्षक बलरामपुर द्वारा दिवगंत आरक्षक शिवबचन सिंह की पत्नी को एक करोड रुपए का जीवन बीमा सहायता प्रदान की गई।
जानकारी के अनुसार आरक्षक क्रमांक 809 शिववचन सिंह जिला बलरामपुर में थाना सनावल में पदस्थ थे। थाना-सनावल क्षेत्र में दिनांक 12.05.2025 के रात्रि करीब 01.30 बजे झारखण्ड से आए अवैध रेत तस्करों को रेत की तस्करी करने से रोकने के दौरान तस्करों के द्वारा आरक्षक शिवबचन सिंह को ट्रेक्टर से ठोकर मारकर कुचल कर झारखण्ड की ओर भाग गये थे। जिससे आर० क्र0 809 शिवबचन सिंह वहीं पर गिरकर बेहोश हो गए थे, उनके शरीर पर गंभीर चोट लगने से शासकीय अस्पताल रामानुजगंज में उन्हें मृत घोषित किया गया था। आरक्षक शिवबचन सिंह विभाग में बेहद सरल, सौम्य एवं अपने कर्तव्य एवं जिम्मेदारियों को तत्परतापूर्वक निर्वहन करने वाले व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे।
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य के पुलिस कर्मियों के भविष्य के लिए महत्वाकांक्षी निःशुल्क पुलिस सैलरी पैकेज के तहत भारतीय स्टेट बैंक के साथ एमओयू किया गया है। जिसके तहत आरक्षक शिवबचन सिंह के नामिनी पत्नि वर्षा रानी सिंह को 1,00,00,000/-(एक करोड़ रूपये) का जीवन बीमा सहायता चेक एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक अंबिकापुर अविनाश पाणिग्रही, मुख्य प्रबंधक एसबीआई बलरामपुर अभय सिंह के द्वारा उनके परिजनों को उनकी जीवन बीमा की चेक सौपा गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर (भापुसे) के द्वारा बैंक से आये सभी बैंक अधिकारियों को सहयोग प्रदान करने हेतु उन्हें धन्यवाद दिया गया।
पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर द्वारा कहा गया कि एसबीआई निःशुल्क पुलिस सैलरी पैकेज योजना पुलिस विभाग और भारतीय स्टेट बैंक के बीच हुये एमओयू.के तहत संचालित एक कल्याणकारी योजना है। इस योजना के तहत जिन पुलिसकर्मियों के वेतन खाते एसबीआई में संचालित होते है। पुलिस कर्मी के दुर्घटना पर आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में उनके वैध नामिनी को 01 करोड़ रूपये का जीवन बीमा कवर, सामान्य मृत्यु की स्थिति में 10 लाख रूपये का जीवन बीमा कवर प्रदान किये जाने का प्रावधान है। यह सहायता राशि न केवल उनके परिवार को वित्तीय संबल के रूप में बल्कि विभागीय संवेदना व विभागीय उत्तरदायित्व के प्रतीक के रूप में प्रदान की गई।
पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर (भापुसे) द्वारा विभाग से अपील की गई है कि सभी अधिकारी/कर्मचारी अपने वेतन खाते को अनिवार्य रूप से निःशुल्क पुलिस सैलरी पैकेज के तहत रजिस्ट्रेशन करवाकर अपने परिवार का जीवन सुरक्षित करायें।
































