कर्नाटक: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के केंपेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) के अधिकारियों ने एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किए हैं। इनके पास से करीब 5 करोड़ की कीमत के सोने के कैप्सूल और बिस्किट जब्त किए गए, जो कि प्राइवेट पार्ट्स में छिपाए गए थे।

पेस्ट के रूप में छिपाया था सोना

पकड़े गए लोगों पर आरोप है कि उन्होंने बांग्लादेश के रास्ते शहर में यह खेप तस्करी करके लाई थी। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों ने सोने को कैप्सूल और पेस्ट के रूप में छिपा रखा था। पकड़े जाने से बचने के लिए इसे अपने शरीर के प्राइवेट पार्ट्स में छिपाया हुआ था।एयरपोर्ट से सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस तस्करी के पीछे के बड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। एयरपोर्ट में पहले भी कई बार सोना तस्करी में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। डीआरआई और पुलिस की टीम इन सभी मामलों की जांच कर रही है।

मालूम हो कि बेंगलुरु एयरपोर्ट में साल 2025 में डीआरआई ने एक चर्चित मामले में एक कन्नड़ अभिनेत्री के पास से करीब 14.2 किलोग्राम सोना, जिसकी कीमत लगभग 12.56 करोड़ थी, जब्त किया था।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!