रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम पिछले कुछ दिनों से बदलते हालात दिखा रहा है। बुधवार को भी कई जिलों में बारिश की संभावना है। पश्चिम बंगाल में बने नए मौसम सिस्टम के कारण राज्य में हालात बदल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में तापमान में लगभग 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।

कई जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। राज्य का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

बंगाल ट्रफ का असर

बंगाल में बनी ट्रफ लाइन का असर छत्तीसगढ़ में देखने को मिल रहा है। इसके कारण राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अगले दो दिनों तक 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

सबसे गर्म और सबसे ठंडा क्षेत्र

प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव जिले में 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां तापमान 40 डिग्री के करीब था, लेकिन मौसम में आए बदलाव के कारण गिरावट आई। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर जिले का 18.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रायपुर में मौसम

राजधानी रायपुर में मौसम सामान्य बना हुआ है। लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। आज रायपुर में बादल छाए रहने की संभावना है और तेज हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!