

अम्बिकापुर: सरगुजा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस अब तक आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 से 3 अप्रैल 2026 के बीच अम्बिकापुर के सद्भावना चौक रिंग रोड स्थित एक किराना दुकान के झाला में एक महिला का शव संदिग्ध हालत में पाया गया था। शव के आसपास खून फैला हुआ था और मृतिका के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले थे, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई।इस मामले में कोतवाली थाना अम्बिकापुर में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2) और 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति के बारे में जानकारी मिली है, जिसका हुलिया सांवला रंग, लगभग 5 फीट 4 इंच लंबाई, घुंघराले लंबे बाल, हल्का पतला शरीर, काली दाढ़ी-मूंछ बताया गया है। आरोपी ने गुलाबी शर्ट, नीली जींस पहन रखी थी और नीला गमछा बांधा हुआ था, साथ ही पीठ पर एक झोला भी था।
पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिल सकी है। इसी के मद्देनजर पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा (IPS) ने घोषणा जारी करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाले या महत्वपूर्ण जानकारी देने वाले व्यक्ति को 30 हजार रुपये नगद इनाम देने की बात कही है।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। आम जनता से अपील की गई है कि यदि किसी को आरोपी के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस के दिए गए नंबरों पर संपर्क करें, ताकि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

































