अम्बिकापुर:  सरगुजा जिले में निजी एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने अहम पहल की है। कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी अम्बिकापुर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति और अपील में अभिभावकों से सीधे शिकायत करने का आह्वान किया गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी निजी या अनुदान प्राप्त विद्यालय द्वारा बच्चों के पालकों को किसी विशेष दुकान से ही पाठ्यपुस्तकें या यूनिफॉर्म खरीदने के लिए बाध्य किया जा रहा है, तो यह नियमों के विरुद्ध है। ऐसे मामलों में संबंधित अभिभावक तत्काल लिखित रूप में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, अम्बिकापुर को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

जारी अपील में कहा गया है कि शिक्षा के क्षेत्र में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना आवश्यक है। किसी एक दुकान विशेष से सामग्री खरीदने के लिए दबाव बनाना न केवल पालकों पर आर्थिक बोझ डालता है, बल्कि प्रतिस्पर्धा के सिद्धांतों के भी खिलाफ है।

DEO ने सभी पालकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा है कि वे इस प्रकार की अनियमितताओं की जानकारी छिपाएं नहीं, बल्कि प्रशासन को अवगत कराएं। इससे दोषी विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई संभव हो सकेगी और भविष्य में इस तरह की शिकायतों पर अंकुश लगेगा।

प्रशासन की इस पहल को अभिभावकों के हित में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है। इससे स्कूलों की जवाबदेही तय होगी और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!