अंबिकापुर: सरगुजा जिले में हत्या के एक गंभीर मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनाम की घोषणा की है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने आरोपी की गिरफ्तारी या ठोस सूचना देने वाले को 5 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली अंबिकापुर में दर्ज अपराध क्रमांक 217/2026, धारा 64(2) एवं 103(1) बीएनएस के तहत दर्ज हत्या के मामले में आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार है। पुलिस द्वारा उसकी तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए गए, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिल पाई है।फरार आरोपी का हुलिया भी पुलिस ने जारी किया है। आरोपी का रंग सांवला, ऊंचाई करीब 5 फीट 4 इंच, घुंघराले लंबे बाल, पतला शरीर, काली दाढ़ी-मूंछ है। घटना के समय वह हल्की गुलाबी शर्ट, नीली जींस पहने हुए था और सिर पर नीले रंग का गमछा बांधे हुए था। साथ ही उसके पीठ पर एक झोला भी लटका हुआ बताया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को आरोपी के संबंध में कोई भी जानकारी मिलती है, जिससे उसकी गिरफ्तारी संभव हो सके, तो तुरंत दिए गए संपर्क नंबरों पर सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।इस संबंध में सूचना देने के लिए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर, पुलिस कंट्रोल रूम तथा थाना कोतवाली अंबिकापुर के नंबर जारी किए गए हैं।

आरोपी के गिरफ़्तारी के सम्बन्ध मे सार्थक सूचना प्रदान करने हेतु सम्पर्क नम्बर-

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा - 94791-93501 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सरगुजा - 94791-93502 नगर पुलिस अधीक्षक, अंबिकापुर - 94791-93503 पुलिस नियंत्रण कक्ष, जिला-सरगुजा - 94791-93599 थाना कोतवाली अंबिकापुर - 9479193508

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!