

एमसीबी: जिले के शिक्षा विभाग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां प्राथमिक शाला में पदस्थ दो शिक्षक शराब के नशे में पाए गए। मामले की जांच के बाद प्रशासन ने विस्तृत रिपोर्ट कलेक्टर को सौंप दी है, जिसके आधार पर विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया तेज होने की संभावना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर के मौखिक निर्देश पर 07 अप्रैल 2026 को सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, मनेंद्रगढ़ द्वारा विकासखंड मनेंद्रगढ़ के तहसील केल्हारी अंतर्गत प्राथमिक शाला बाला में औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में पदस्थ प्रधान पाठक पारसराम वर्मा एवं सहायक शिक्षक महेलाल सिंह संदिग्ध अवस्था में पाए गए।
निरीक्षण के दौरान दोनों शिक्षकों के व्यवहार में असामान्यता देखी गई, जिसके बाद मौके पर पंचनामा तैयार किया गया तथा दोनों के बयान दर्ज किए गए। पूछताछ में दोनों शिक्षकों ने शराब सेवन करने की बात स्वीकार की। उन्होंने यह भी बताया कि वे नियमित रूप से सुबह एवं शाम शराब का सेवन करते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों शिक्षकों को तत्काल पुलिस वाहन से सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण (मुलाहिजा) में भी शराब सेवन की पुष्टि हुई।
इस पूरे प्रकरण की जांच रिपोर्ट, पंचनामा एवं संबंधित दस्तावेजों की मूल प्रतियां कलेक्टर को प्रस्तुत कर दी गई हैं। प्रशासन द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

































