अंबिकापुर: अंबिकापुर के सदभावना चौक के पास महिला की हत्या का मामला सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। 3 अप्रैल की सुबह रिंग रोड किनारे एक मटन दुकान के झाला में महिला का शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा अलर्ट हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।प्रारंभिक कार्रवाई में पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। वहीं, परिजनों की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना अंबिकापुर में हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें मृतका के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति घटना स्थल की ओर जाते हुए दिखाई दिया।पुलिस ने फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान पांडा उर्फ मिथुन के रूप में की है। लेकिन सवाल यह कि आरोपी कब आएगा पकड़ में?

जानकारी के अनुसार मृतका और आरोपी दोनों ही अंबिकापुर क्षेत्र में कबाड़ बीनकर अपना जीवन यापन करते थे और खानाबदोश जीवन जी रहे थे। पुलिस का अनुमान है कि घटना 3 अप्रैल की देर रात करीब 1 बजे के बाद हुई है।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार घटना के बाद आरोपी सुबह करीब 5:30 बजे समलाया मंदिर की ओर जाता दिखा। इसके बाद वह शहर के विभिन्न इलाकों महामाया मंदिर, चांदनी चौक, प्रतापपुर चौक, गांधी चौक होते हुए मनेंद्रगढ़ रोड की दिशा में गया। आरोपी की अंतिम लोकेशन अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पर सुबह 11:03 बजे दर्ज की गई है।पुलिस को आशंका है कि आरोपी पैदल ही रेलवे स्टेशन से आगे कालीघाट, कोलडीहा, पिलखा पहाड़ होते हुए विश्रामपुर की ओर फरार हो गया है। आरोपी की पहचान हल्के बैंगनी रंग की फुल टी-शर्ट, काले पैंट और सिर पर नीले कपड़े के साथ नंगे पैर घूमते हुए की गई है।आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली, मणिपुर, गांधीनगर थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आरोपी के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।सरगुजा पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!