बिलासपुर:  शहर में रविवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब एसी कंप्रेसर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ। इस घटना में दो सगे भाई गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत तैयबा चौक से कुम्हारपारा मार्ग पर स्थित ‘परफेक्ट सॉल्यूशन’ नामक दुकान में यह हादसा हुआ। यहां एसी रिपेयरिंग का कार्य किया जाता है। रविवार शाम करीब 6:40 बजे दुकान के भीतर काम के दौरान अचानक तेज धमाका हुआ, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए।हादसे में घायल दोनों भाइयों की पहचान आरिफ मिर्जा और शब्बीर मिर्जा उर्फ पप्पू के रूप में हुई है, जो रतनपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। दोनों बिलासपुर में किराए की दुकान लेकर एसी मरम्मत का काम करते हैं।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एसी कंप्रेसर में गैस भरने या मरम्मत के दौरान यह विस्फोट हुआ। धमाके की चपेट में आने से दोनों भाई गंभीर रूप से झुलस गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बर्न अस्पताल रेफर करने की सलाह दी गई है। फिलहाल दोनों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

इधर, धमाके की आवाज से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों के बयान दर्ज कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!