

सूरजपुर: सूरजपुर जिले में सड़क किनारे गंभीर रूप से जली हालत में मिली 17 वर्षीय नाबालिग की रविवार सुबह रायपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध और किश्त पर लिए गए मोबाइल को लेकर हुए विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना विश्रामपुर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे विश्रामपुर-भटगांव मार्ग स्थित पासिंग नाला के पास एक नाबालिग युवती 95 प्रतिशत जली अवस्था में मिली थी। उसकी पहचान ग्राम गोरखनाथपुर निवासी मोनिका सिंह उर्फ मोना (17) के रूप में हुई, जो कक्षा 11वीं की छात्रा थी।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने युवती को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उसे रायपुर के मेकाहारा अस्पताल भेजा गया, जहां रविवार सुबह उसकी मौत हो गई।
परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि मोनिका का पिछले दो वर्षों से रामनगर( रामपुर )निवासी भूपेंद्र सिंह के साथ प्रेम संबंध था। दोनों ने मिलकर किश्त पर एक मोबाइल खरीदा था, जिसमें कुछ रकम भूपेंद्र ने दी थी, जबकि शेष राशि मोनिका को चुकानी थी। भुगतान नहीं होने पर भूपेंद्र ने मोबाइल अपने पास रख लिया था।बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात मोनिका भूपेंद्र के घर गई थी और वहीं रुकी थी। शनिवार सुबह जब उसने मोबाइल वापस मांगा और भूपेंद्र ने देने से इनकार कर दिया, तो उसने आत्महत्या की धमकी दी थी। इसी दौरान उसने पास की दुकान से 100 रुपये का पेट्रोल भी खरीदा था।भूपेंद्र के अनुसार, उसने पेट्रोल छीनकर अपनी बाइक में डाल लिया और मोनिका को उसके घर के पास आईटीआई कॉलोनी के नजदीक छोड़कर वापस लौट आया। करीब आधे घंटे बाद युवती के जली हालत में मिलने की सूचना मिली।मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी अंबिकापुर अस्पताल पहुंचीं और युवती को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कराया गया था।
फिलहाल पुलिस ने प्रेमी भूपेंद्र सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।































