

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) ने राज्यसभा में अपने डिप्टी लीडर राघव चड्ढा को पद से हटा दिया है। अब पार्टी के सीनियर नेता सौरभ भारद्वाज ने दावा किया है कि चड्ढा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की आलोचना करने वाली सभी पोस्ट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) से हटा दी हैं।
सौरभ भारद्वाज ने क्या कहा
सौरभ भारद्वाज ने अपने ट्वीट में लिखा कि उन्होंने राघव चड्ढा के अकाउंट पर “BJP” और “Modi” शब्दों के आधार पर पूरी जांच की। नतीजा चौंकाने वाला था—उनकी पुरानी आलोचनात्मक पोस्ट अब दिखाई नहीं देतीं। भारद्वाज ने कहा, “Modi शब्द वाली केवल दो पोस्ट बची हैं, और वे भी मोदी की तारीफ में हैं। आप के नेताओं द्वारा किए गए पुराने क्वोटेड ट्वीट भी गायब हो गए हैं। यह कोई मामूली सफाई नहीं, बल्कि पूरी डिजिटल हिस्ट्री का सर्जिकल मिटाना है।”
AAP ने लगाए गंभीर आरोप
AAP के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि राघव चड्ढा ने केवल उन मुद्दों को उठाया जो उनके लिए सुविधाजनक थे। पार्टी ने उन्हें ‘सॉफ्ट पीआर’ करने का भी आरोप लगाया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दावा किया कि चड्ढा समझौते के तहत काम कर रहे थे।
राघव चड्ढा का पलटवार
राघव चड्ढा ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने विपक्ष की कार्रवाइयों में हिस्सा लिया, जिसमें वॉकआउट भी शामिल है। उन्होंने बॉलीवुड फिल्म ‘धुरंधर’ का हवाला देते हुए खुद को ‘घायल शेर’ बताते हुए कहा, “घायल हूं इसलिए घातक हूं।”
अरविंद केजरीवाल ने साधी चुप्पी
इन विवादों के बीच AAP के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है और चुप्पी साध रखी है।

































