

प्रथम तिमाही में 537 शराबी, 2023 बिना हेल्मेट, 1659 सीट बेल्ट समेत कुल 7970 पर कार्यवाही
बलरामपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से बलरामपुर-रामानुजगंज पुलिस द्वारा प्रथम तिमाही (जनवरी से मार्च 2026) में व्यापक अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 7970 चालानी कार्रवाई करते हुए लगभग 29.89 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, अभियान के तहत 537 शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा 2023 बिना हेलमेट, तथा 1659 बिना सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों पर भी चालान काटे गए। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर (भा.पु.से.) तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में की गई।
जिला पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। पुलिस ने सख्ती के साथ-साथ जनजागरूकता कार्यक्रम भी चलाए, जिससे आम नागरिकों को सुरक्षित यातायात के प्रति प्रेरित किया जा सके।
बलरामपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें। दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाएं, नाबालिगों को वाहन न चलाने दें, बिना लाइसेंस वाहन न चलाएं, नशे की हालत में ड्राइविंग से बचें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। साथ ही तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं और सभी आवश्यक दस्तावेज हमेशा साथ रखें एवं एक जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य निभाएं

































