

अम्बिकेश गुप्ता
कुसमी। चैत पूर्णिमा के पावन अवसर पर सरहुल (खद्दी) पूजा एवं हनुमान जयंती के शुभ संयोग में गुरुवार को तहसील कुसमी अंतर्गत ग्राम मदगुरी में अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार परिषद जिला बलरामपुर-रामानुजगंज एवं तहसील इकाई के संयुक्त तत्वावधान में श्रद्धालुओं के लिए पेयजल सेवा का सराहनीय आयोजन किया गया।
धार्मिक आस्था और सामाजिक सेवा के इस संगम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजन के दौरान लगभग 15 हजार श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया गया, जिससे गर्मी के इस मौसम में लोगों को राहत मिली। सेवा कार्य के माध्यम से परिषद के पदाधिकारियों ने मानवता, सहयोग और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को सुदृढ़ करने का प्रेरणादायी संदेश दिया।
इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय सचिव मोहम्मद असलम आजाद, छत्तीसगढ़ प्रांताध्यक्ष बृजमोहन सिंह ठाकुर, सरगुजा संभाग अध्यक्ष जन्मजय सिंह ठाकुर, जिला अध्यक्ष बलरामपुर-रामानुजगंज रामसाय राम, जिला उपाध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता, जिला प्रवक्ता मोहम्मद नईमुद्दीन खान सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
तहसील स्तर पर अध्यक्ष जगमोहन सोनवानी, उपाध्यक्ष चन्द्रबलि राम, सचिव सूर्यकांत जायसवाल, एस. डी. लकड़ा (शैक्षणिक संरक्षक), सबीना खलखो (महिला संरक्षक), पूनम सोनवानी (महिला सचिव) एवं तहसील मीडिया प्रभारी प्रवीण कुमार भगत सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस पुनीत कार्य ने न केवल श्रद्धालुओं की सेवा की बल्कि समाज में एकता, सेवा और सद्भाव का उत्कृष्ट उदाहरण भी प्रस्तुत किया। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय बताया।

































