

गरियाबंद: गरियाबंद जिले में अवैध हीरा खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शोभा थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उड़ीसा के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 4 लाख रुपये कीमत के 8 नग उच्च गुणवत्ता के हीरे बरामद किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कुसियार बचरा क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से हीरों के परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर शोभा थाना और क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी की पहचान उड़ीसा के उमरकोट निवासी 34 वर्षीय डब्ल्यू सतनामी के रूप में हुई।तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 8 नग कीमती हीरे बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 21(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
































