

भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम ने पूरी तरह करवट ले ली है। मजबूत वेदर सिस्टम के सक्रिय रहने से बीते 72 घंटे से प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला जारी है। बुधवार को भी राज्य के बड़े हिस्से में इसका असर देखने को मिला, और अब गुरुवार के लिए मौसम विभाग ने व्यापक अलर्ट जारी किया है।
भोपाल-इंदौर समेत कई जिलों में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को भोपाल, इंदौर सहित करीब 28 जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर रहेगा। निमाड़ क्षेत्र के धार, बड़वानी और झाबुआ में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
अगले 24 घंटे का विस्तृत अलर्ट
आने वाले 24 घंटे में ग्वालियर, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, आगर मालवा, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, देवास और शाजापुर में मौसम का असर देखने को मिलेगा।
तेज हवाएं और गरज-चमक का दौर
कई जिलों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि अन्य इलाकों में यह 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है। इसके साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाओं को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने, पेड़ों और कमजोर ढांचों के पास खड़े न होने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

































