

बलरामपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बूढ़ा बगीचा से घर के सामने खड़ी इको वाहन चोरी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी हुई इको वाहन और उसमें लोड कुछ बर्तन बरामद किए हैं।पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मनीष सोनी ने राजपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके घर के सामने खड़ी इको वाहन क्रमांक CG 10 AF 7362, जिसमें बर्तन से भरा सामान रखा था, को अज्ञात चोरों ने 15 फरवरी 2026 की रात्रि में चोरी कर लिया। शिकायत पर पुलिस ने तत्परता से जांच शुरू की।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में वाहन कुसमी रोड की ओर जाते हुए दिखाई दिया। पुलिस के लगातार प्रयास और मामले के मीडिया में आने के बाद चोरों ने 14 मार्च 2026 को वाहन को बलरामपुर के डुमरखी के पास सड़क किनारे कुछ सामान सहित छोड़ दिया और फरार हो गए। पेट्रोलिंग टीम की सूचना पर पुलिस ने वाहन को जब्त कर राजपुर थाने लाया।
प्रकरण में अज्ञात आरोपी की पतासाजी करते हुए प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही ऐनुल अंसारी, निवासी कुसमी को तलब कर पूछताछ की गई। प्रारंभ में आरोपी द्वारा भ्रामक जानकारी दी गई, किंतु सख्ती से पूछताछ करने पर उसने घटना दिनांक को अपने एक सहयोगी के साथ मिलकर उक्त इको वैन एवं उसमें रखे बर्तनों की चोरी करना स्वीकार किया।चोरी किए गए बर्तनों को बेचकर प्राप्त राशि से खरीदा गया लगभग ₹14,000 मूल्य का Realme कंपनी का मोबाइल फोन जप्त किया गया है।पुलिस ने आरोपी ऐनुल अंसारी पिता हमीद अंसारी, उम्र 24 वर्ष, निवासी कुसमी को 1 अप्रैल 2026 को धारा 303(2) बीएनएस के तहत विधिवत् गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहीं, एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
सम्पूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह, सहायक उप निरीक्षक अशोक तिर्की, प्रधान आरक्षक राजेंद्र ध्रुव, पवन सिंह तथा आरक्षक रूपेश गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस सराहनीय कार्रवाई पर राजपुर सोनार समाज ने खुशी जताते हुए पुलिस टीम की प्रशंसा की है।





















