

लखनपुर/ प्रिंस सोनी: विकासखंड लखनपुर के ग्राम कटिंदा में हाल ही में निर्मित आंगनबाड़ी भवन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में भारी लापरवाही और घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाते हुए पुनर्निर्माण की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, आंगनबाड़ी भवन का निर्माण बिना किसी सूचना पटल के किया गया, जिससे निर्माण संबंधी जानकारी सार्वजनिक नहीं हो सकी। ग्राम के मोहर साय सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि भवन की छत की ढलाई बेहद निम्न स्तर की है। छत के अंदर से देखने पर उपयोग की गई गिट्टी साफ नजर आ रही है, जो निर्माण की खराब गुणवत्ता को दर्शाती है।इसके अलावा दीवारों के जोड़ भी ठीक से नहीं बनाए गए हैं और भवन को अधूरा ही तैयार कर दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि नई बनी इस इमारत की हालत देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि शासकीय राशि का दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने आशंका जताई कि इस तरह के कमजोर निर्माण से भवन की आयु बहुत कम होगी, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा सकता है।
ग्रामवासियों ने बताया कि निर्माण कार्य ग्राम स्तर की एजेंसी के माध्यम से कराया गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, संबंधित एजेंसी पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा निर्माण की राशि पर रोक लगाई जाए।
ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि जब तक गुणवत्तापूर्ण निर्माण नहीं होगा, तब तक बच्चों का भविष्य सुरक्षित नहीं हो सकता। उन्होंने आंगनबाड़ी भवन के पुनर्निर्माण की मांग करते हुए जल्द कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।

































