लखनपुर/ प्रिंस सोनी: सरगुजा जिले के आकांक्षी विकासखंड लखनपुर के सुदूर वनांचल क्षेत्र में बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण की मांग आखिरकार पूरी हो गई है। क्षेत्रीय विधायक प्रबोध मिंज ने अपने पूर्व वादे को निभाते हुए  तक लगभग 7.10 किलोमीटर लढोढाकेसरा से डांड़केसरा तक पक्की सड़क निर्माण के लिए 14 करोड़ 45 लाख 64 हजार रुपये की स्वीकृति दिलाई है।

इस सड़क के निर्माण की मंजूरी मिलते ही पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। लंबे समय से इस मार्ग की मांग की जा रही थी, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब इस सड़क के बनने से न केवल स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि यह क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से भी जुड़ सकेगा।

विधायक प्रबोध मिंज ने अपने कार्यकाल की शुरुआत से ही क्षेत्र के समग्र विकास पर जोर दिया है। उनके प्रयासों से लखनपुर विधानसभा के साथ-साथ भाजपा मंडल कुन्नी के वनांचल क्षेत्रों में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। सड़कों की स्वीकृति और निर्माण कार्यों के चलते जो क्षेत्र पहले पहुंच विहीन माना जाता था, वह अब तेजी से मुख्य मार्गों से जुड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि यह सड़क मार्ग भविष्य में सीतापुर और रायगढ़ जैसे प्रमुख शहरों से भी बेहतर संपर्क स्थापित करेगा, जिससे व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी।इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर क्षेत्रवासियों ने विधायक प्रबोध मिंज के प्रति आभार व्यक्त किया है और उनके विकास कार्यों की सराहना की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क के निर्माण से उनके जीवन में बड़ा बदलाव आएगा और क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!