

मुंबई। IPL 2026 के दौरान BCCI के ब्रॉडकास्ट इंजीनियर इयान विलियम्स लैंगफोर्ड का शव मुंबई के एक होटल में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक ब्रिटिश नागरिक थे और बीसीसीआई के साथ मैच कवरेज में लगे हुए थे।
होटल में शव मिलने का मामला
इयान 24 मार्च से मुंबई के ट्राइडेंट होटल में ठहरे हुए थे। 29 मार्च को उन्होंने मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मैच की ड्यूटी पूरी की और होटल लौटे। अगले दिन 30 मार्च को जब रिसेप्शन से संपर्क किया गया तो कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर होटल स्टाफ ने मास्टर की से कमरा खोला, तो इयान फर्श पर पड़े मिले।
पुलिस और डॉक्टरों ने घटनास्थल का जायजा लिया
होटल स्टाफ ने तुरंत डॉक्टरों को बुलाया, जिन्होंने जांच के बाद इयान को मृत घोषित किया। इसके बाद मरीन ड्राइव पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मौत किन कारणों से हुई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह का पता चलेगा।
जांच हर एंगल से जारी
पुलिस ने बताया कि अभी तक किसी साजिश या संदिग्ध गतिविधि का कोई सबूत नहीं मिला है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है।

































