


बिलासपुर: सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक कथा वाचक की अचानक मौत का मामला सामने आया है। टहलकर लौटने के कुछ ही समय बाद स्वामी राजेश्वरनंद अपने कमरे में बेहोश होकर गिर पड़े, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
टहलने के बाद घर लौटे, फिर बिगड़ी तबीयत
मिली जानकारी के अनुसार, अमरकंटक के पुष्पराजगढ़ निवासी स्वामी राजेश्वरनंद पिछले कुछ वर्षों से जयपाल टावर स्थित एक फ्लैट में रह रहे थे। वे नाड़ी देखने के साथ साथ कथा वाचन का कार्य करते थे।
29 मार्च की सुबह वे रोज की तरह टहलने के लिए निकले और बृहस्पति बाजार तक पहुंचे। वहां से उन्होंने एक ऑटो चालक को फोन कर बुलाया और घर लौट आए।
मिलने आए लोगों के सामने गिरे बेहोश
घर पहुंचने के कुछ समय बाद उनसे मिलने कुछ लोग आए हुए थे। इसी दौरान स्वामी राजेश्वरनंद अचानक कमरे में गिर पड़े और बेहोश हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई पूरी की। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सौंप दिया है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच जारी है।

































