


रायपुर। छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम सामान्य बना हुआ है। शनिवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर दर्ज किया गया, वहीं एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है, इसके बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।
शनिवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया। वर्षा के आंकड़ों में हसौद, भटगांव और देवभोग में 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार गंगा तटीय पश्चिम बंगाल से ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक होते हुए दक्षिणी तमिलनाडु तक समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक द्रोणीका सक्रिय है, जिसका असर प्रदेश के मौसम पर देखा जा रहा है।
रविवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा, गरज-चमक, वज्रपात और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना बनी रहेगी।
रायपुर में 29 मार्च को आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

































