रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता के सीनियर पुरुष 94 किलोग्राम वर्ग में रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। शनिवार को आयोजित इस स्पर्धा में देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपनी ताकत और तकनीक का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में अरुणाचल प्रदेश के खिलाड़ी लालू ताकू ने कुल 250 किलोग्राम वजन उठाकर पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने स्नैच में 110 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 140 किलोग्राम वजन उठाकर अपना दबदबा कायम रखा। दूसरे स्थान पर आंध्र प्रदेश के पी. मणि शंकर रहे, जिन्होंने कुल 244 किलोग्राम वजन उठाया। उन्होंने स्नैच में 106 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 138 किलोग्राम वजन उठाकर कड़ा मुकाबला पेश किया।

तीसरे स्थान पर हिमाचल प्रदेश के खेमराज रहे, जिन्होंने कुल 232 किलोग्राम वजन उठाया। उनके प्रदर्शन में स्नैच में 100 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 132 किलोग्राम शामिल रहा। प्रतियोगिता में असम के समुंद्रा दोइमारी और झारखंड के हर्ष कुमार हेम्ब्रम ने 225-225 किलोग्राम तथा मध्य प्रदेश के किशन भुरिया ने 218 किलोग्राम वजन उठाकर अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन वे पदक की दौड़ से बाहर रहे।

मेजबान छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी विरावी खुसरो ने 160 किलोग्राम के साथ सातवां स्थान प्राप्त किया, जबकि तेलंगाना के वी. अरुण 113 किलोग्राम के साथ आठवें स्थान पर रहे। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जैसे आयोजनों से आदिवासी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का बड़ा मंच मिल रहा है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!