

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: जीपीएम जिले की पेंड्रा पुलिस ने उठाईगिरी के एक बड़े मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 12 लाख 64 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं, जबकि मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार विनय कुमार सोनी, निवासी पेंड्रा, ने थाना पेंड्रा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 18 मार्च 2026 को ग्राम बस्ती के साप्ताहिक बाजार में सोना-चांदी की दुकान लगाने गया था। इसी दौरान अज्ञात चोर उसके आभूषणों से भरे थैले को चोरी कर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना पेंड्रा एवं चौकी कोड़गार की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध महिला के बारे में जानकारी मिली, जो किराए के मकान में रहकर घूम-घूमकर चूड़ी बेचने का काम करती थी।
पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने भतीजे राजेंद्र शिकारी और बहन के बेटे अमर शिकारी के साथ मिलकर उठाईगिरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से बाजार में वारदात को अंजाम दिया और मोटरसाइकिल से फरार हो गए।गिरफ्तार आरोपी आशिया शिकारी (40 वर्ष), निवासी दमोह, के कब्जे से 35 ग्राम सोना एवं 6.550 किलोग्राम चांदी जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम रवाना कर दी गई है।पुलिस ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि घटना के 24 घंटे के भीतर ही शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली गई है।

































