

बलरामपुर: बलरामपुर जिले के रामानुजगंज थाना क्षेत्र में शासकीय कार्य में बाधा डालने, जातिगत गाली-गलौज करने और धमकी देने के गंभीर मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई 18 मार्च 2026 को हुई घटना के बाद की गई।
जानकारी के अनुसार एसडीएम रामानुजगंज के निर्देश पर सहायक खाद्य अधिकारी चंपाकली दिवाकर संयुक्त टीम के साथ क्षेत्र में एलपीजी गैस वितरण एवं विनिमय आदेश 2000 के प्रावधानों के उल्लंघन की जांच कर रही थीं। इसी क्रम में टीम शाम के समय रामानुजगंज रिंग रोड स्थित सूरज ढाबा में आकस्मिक निरीक्षण के लिए पहुंची।जांच के दौरान वहां मौजूद राहुल जीत सिंह (30 वर्ष), निवासी रामानुजगंज, द्वारा टीम की कार्रवाई का अनाधिकृत रूप से वीडियो बनाया जा रहा था। जब सहायक खाद्य अधिकारी ने उसे ऐसा करने से मना किया, तो आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने जातिगत गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी, जिससे शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।घटना के बाद सहायक खाद्य अधिकारी ने थाना रामानुजगंज में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 45/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 126(2), 132, 3(5) सहित अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी राहुल जीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

































