

बलरामपुर: जिले में अवैध संचालित ईंट भट्टों पर प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के निर्देशन में राजस्व की टीम के द्वारा दो अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठों पर कार्रवाई करते हुए ईंट एवं अवैध कोयला जब्त किया गया है।
अनुविभागीय अधिकारी बलरामपुर अभिषेक गुप्ता के मार्गदर्शन में तहसीलदार सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में नगरपालिका बलरामपुर के वार्ड क्रमांक-13 में संचालित अवैध ईंट भट्टे पर कार्रवाई की गई। मौके पर लगभग 40,000 पकी हुई ईंटें, 15,000 कच्ची ईंटें तथा करीब 03 टन कोयला पाया गया, जिसे जब्त किया गया।इसी प्रकार ग्राम डूमरखी में भी अवैध ईंट भट्टे पर कार्रवाई करते हुए लगभग 25,000 ईंटों का अवैध निर्माण पाया गया, जिसे जब्त कर आवश्यक कार्यवाही की गई है। उक्त प्रकरणों में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार प्रकरण तैयार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

































