

छत्तीसगढ़ की राजधानी में Raipur Gang War का एक और मामला सामने आया है, जिसने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजधानी में अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम लागू किया गया है, लेकिन इसके बावजूद लूटपाट, चाकूबाजी और गैंगवार जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा घटना कालीबाड़ी इलाके की है, जहां देर रात दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के कालीबाड़ी इलाके में हुई। यहां दो गुटों के बीच शुरू हुआ विवाद अचानक गैंगवार में बदल गया। बताया जा रहा है कि अभिषेक सोनी और विक्रम के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि विक्रम ने अपने साथियों के साथ मिलकर अभिषेक का पीछा किया और उस पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है।
सूत्रों के अनुसार, इस Raipur Gang War के पीछे गांजा तस्करी से जुड़ी पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि गांजा तस्कर रवि साहू और गैंगस्टर मुकेश बनिया से जुड़े गुर्गों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
गौरतलब है कि रवि साहू फिलहाल गांजा तस्करी के मामले में 10 साल की सजा काट रहा है, जबकि मुकेश बनिया भी इसी मामले में रायपुर जेल में बंद है। घटना के बाद कालीबाड़ी इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

































