


अंबिकापुर: सरगुजा जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में नाबालिग बालक को पकड़कर उसके कब्जे से 14 किलोग्राम अवैध गांजा, स्कार्पियो वाहन और मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 12 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार 14 मार्च को कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि काले रंग की स्कार्पियो वाहन क्रमांक CG 30 F 8689 में कुछ युवक बास बाड़ी रोड अंबिकापुर में गांजा बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।पुलिस को देखते ही स्कार्पियो में सवार चार युवक वाहन से उतरकर बास बाड़ी की घेराबंदी फांदकर जंगल की ओर भाग निकले। इस दौरान पुलिस ने मौके से एक नाबालिग बालक को पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए।वाहन की तलाशी लेने पर स्कार्पियो की पिछली सीटों के बीच रखे प्लास्टिक बोरे से करीब 14 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है। पूछताछ में बालक ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर लैलूंगा से गांजा लाकर पुड़िया बनाकर बेचने की योजना बना रहा था।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन, मोबाइल फोन और गांजा जब्त कर कुल 12 लाख 80 हजार रुपये का सामान बरामद किया है। मामले में कोतवाली थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस का कहना है कि उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिन्हा सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।






























